लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने सपा, बसपा व कांग्रेस पर चुनावों को मुद्दाविहीन बनाने का आरोप लगाया है।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हृदयनारायण दीक्षित ने आज गुरूवार को सम्वाददाताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव की शुरूवात के समय से ही राज्य की अराजकता, ध्वस्त कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार व सरकारविहीनता को मुद्दा बनाया था।
भाजपा ने सपा व बसपा की सरकारों पर संवैधानिक संस्थाओं को ध्वस्त करने, राजकोष लूटने, नौकरियां बेंचने व खेती किसानी को तहस नहस करने के मुद्दे उठाए थे लेकिन सपा-कांग्रेस गठबंधन ने गरीबी, अभाव व सुशासन से जुड़े मुद्दों पर बहस नहीं की।
आत्मविश्वास खोए बेमेल गठबंधन व बसपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ही निशाना बनाया। सपा, कांग्रेस गठबंधन व बसपा द्वारा मोदी को निशाना बनाना बैकफायर कर गया है।
दीक्षित ने कहा कि राज्य की जनता प्रधानमंत्री श्री मोदी के विरूद्ध कुछ भी नहीं सुनना चाहती। जनता मोदी सरकार पर फिदा है। नोटबंदी पर इन दलों ने बड़ा विलाप किया लेकिन जनता मोदी के साथ खड़ी है। नोटबंदी से अर्थव्यवस्था खराब हो जाने के आरोप अब झूठे साबित हो चुके हैं। अब तक संपन्न सभी चुनाव चरणों में भाजपा ने बढ़त ली है।
प्रदेश में 2014 जैसी मोदी लहर है। नतीजे 2014 के लोकसभा परिणामों का दोहराव होंगे। सपा या बसपा को राज्य में मुख्य विपक्षी दल के लिए जरूरी सीटें भी नहीं मिलेगी। भाजपा प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनाएगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal