मारलॉ। इंग्लैंड दौरे पर भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने मेजबान टीम को 7-1 से करारी शिकस्त दी। भारतीय टीम की तरफ से अजय यादव और वरुण कुमार ने दो-दो व मनप्रीत, गुरजंत सिंह और सिमरनजीत सिंह ने 1-1 गोल किया।
मैच के शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया व ज्यादा समय गेंद पर नियंत्रण बनाये रखा। जिसके फलस्वरुप मैच के 15वें मिनट में मनप्रीत ने गोल कर भारत का खाता खोला। हालांकि इसके तुरंत बाद इंग्लैंड ने पलटवार किया। होल्डर ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल कर अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया।
इसके बाद हालांकि इंग्लैंड टीम पूरे समय दबाव में रही। भारत के लिये गुरजंत के क्रास पर दूसरे क्वार्टर में अजय ने गोल किया। इसके बाद वरूण कुमार ने गोल करके भारत को 3-1 की बढत दिला दी। ब्रेक तक एक और गोल करके यह बढत उसने 4-1 की कर दी। गुरजंत और सिमरनजीत के गोलों के दम पर भारत ने तीसरे क्वार्टर में 6-1 की मजबूत बढत बना ली और आखिरी क्वार्टर में अजय ने पेनल्टी कार्नर पर गोल करके भारत को 7-1 से जीत दिलाई।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal