लखनऊ। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा नेता और उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को सपा में शामिल कराना उनकी बड़ी भूल थी। उन्होंने कहा कि अपने इस निर्णय को लेकर अब मुझे पछतावा हो रहा है। मुलायम आज समाजवादी नेता भगवती सिंह के 84वें जन्मदिवस पर राजधानी स्थित गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह को लेने का उनका निर्णय पार्टी के लिए बेहद नुकसानदायक रहा।
उन्होंने कहा कि यद्यपि कल्याण सिंह से उनके रिश्ते बहुत अच्छे हैं लेकिन उस समय पार्टी में उनके आने से बड़ा मतभेद हो गया था। उन्होंने कहा, ‘पार्टी में विरोध के बावजूद मैंने उन्हें सपा ज्वाइन कराया।’ सपा मुखिया ने इस अवसर पर भगवती सिंह की जमकर प्रशंसा की और कहा कि पूर्व मंत्री भगवती सिंह की मेहनत और त्याग से ही पार्टी आज यहां पहुंची है। भगवती सिंह को संत बताते हुए सपा मुखिया ने उन्हें पार्टी का मार्गदर्शक भी कहा।
मुलायम ने कहा कि भगवती सिंह पुराने समाजवादी साथी हैं। वे समाजवादी आंदोलन के समय से लगातार जुड़े रहे हैं। आंदोलन के दौरान उस समय खाना भी नहीं मिलता था तो ये लाई चना खाकर पेट भरते थे। पूर्व में भगवती सिंह के 84 वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में 84 किलो के लड्डू का केक काटा गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में सपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर समाजवाद पर एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal