भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने केन्द्रीय कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का एरियर दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं वित्त मंत्री अरूण जेटली का आभार व्यक्त किया है। श्री चौहान ने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री के संवेदनशील हृदय और सबका साथ सबका विकास के नारे का साक्षात प्रकटीकरण है। इस निर्णय से निश्चित ही देश में एक नई कार्य संस्कृति का शुभारंभ होगा। भारत को सर्वोच्चता के सौपान पर ले जाने के अभियान में केन्द्र सरकार के सभी कर्मचारी, अधिकारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने पूरे मनोयोग से जुटेंगे। मोदी सरकार के ऐतिहासिक फैसले ने 48 लाख केन्द्रीय कर्मचारियों के खातों में बढ़ा हुआ वेतन और सात माह का ऐरियर जमा करके दीपावली की खुशियां बिखेर दी हैं।उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने मूल वेतन में 14.2 से 23.4 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। 33 लाख कर्मचारियों को केन्द्र ने पिछले दो वर्षों का बोनस देकर खजाने पर 3840 करोड़ का वित्तीय भार भी वहन किया है। बोनस की पात्रता 21 हजार तक वेतनभोगियों को होगी। इस मानदंड में 33 लाख वेतनभोगी आयेंगे। इन्हें वेतन का करीब सवा 8 प्रतिशत बोनस भी मिलेगा। बढ़े हुए वेतन के रूप में ऐरियर प्रत्येक को 15 हजार से तीन लाख रू. तक मिलने से परिवारों में खुशहाली आएगी तथा बाजार में भी चहल-पहल होगी।श्री चैहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने न्यूनतम मजदूरी में भी वृद्धि कर दी है, जिससे दैनिक मजदूरी 246 रू. से बढक़र 350 रू. दैनिक हो जायेगी।श्री चौहान ने कहा कि देश की विशालता, सवा अरब जनता के चहुंमुंखी विकास की चुनौती और जनकल्याण को दृष्टि में रखते हुए श्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने वित्तीय संकुचन के बावजूद श्रमजीवियों के प्रति पूरी संवेदनशीलता का सबूत दिया है। उन्होंने केन्द्र सरकार, प्रधानमंत्री श्री मोदी और वित्त मंत्री श्री जेटली का आभार माना है और कर्मचारी एवं पेंशनरों को इस तोहफे के लिए बधाई दी है।श्री चौहान ने कहा कि वेतनवृद्धि के साथ हमें अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धा में प्रतियोगियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की चुनौती है। हमारे सामने उत्पादन लागत कम कर उत्पाद की गुणवत्ता अंतर्राष्ट्रीय बनाने का लक्ष्य है। मेक इन इंडिया के तहत हम सभी को मिलकर यह लक्ष्य हासिल कर भारत का गौरव विश्व में स्थापित करना है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal