लखनऊ। भारत रत्न-पूर्व उप प्रधानमंत्री, लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि के मौके पर गुरूवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर सरदार पटेल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि देश की सेवा के लिए सरदार पटेल युगों-युगों तक याद किये जायेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के चेयरमैन रामकृष्ण द्विवेदी ने कहा कि आजादी के आन्दोलन के दौरान अंग्रेजी हुकूमत के विरूद्ध बारडौली के किसान आन्दोलन के जनक के रूप में सरदार पटेल ने जिस प्रकार पूरे देश में किसानों को एकजुट किया और अंग्रेजी हुकूमत को हिला दिया था उसी प्रकार आजादी के बाद टुकड़ों में बिखरे हुए हिन्दुस्तान को एक सूत्र में पिरोकर देश को शक्तिशाली सम्पन्न राष्ट्र बनाने में जो अहम योगदान दिया है उसे कभी विस्मृत नहीं किया जा सकता।
द्विवेदी ने कांग्रेसजनों से सरदार पटेल के बताये रास्ते पर चलने का आवाहन किया। पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के आन्दोलन एवं आजादी के बाद देश की जो सेवा की है उसके लिए उन्हें युगों-युगों तक याद किया जायेगा।
श्रद्धांजलि सभा को प्रदेश कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज सत्यदेव त्रिपाठी, पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, महामंत्री द्विजेन्द्र त्रिपाठी, महामंत्री अवधेश सिह आदि वरिष्ठ नेताओं ने भी सम्बोधित करते हुए सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला और कांग्रेसजनों को उनके बताये रास्ते पर चलने का आवाहन किया।
श्रद्धांजलि सभा का संचालन प्रदेश कांग्रेस के प्रचार एवं प्रकाशन विभाग के चेयरमैन सुबोध श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण से हुई।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal