लखनऊ। भाजपा के निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह की बेटी के सम्मान में उत्तर प्रदेश के भाजपाई शनिवार को सड़कों पर हैं। भाजपा कार्यकर्ता राजधानी लखनऊ समेत पूरे राज्य में जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। लखनऊ में प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प भी हो गई।
लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे भाजपाई जब मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ रहे थे तो पुलिस वालों ने उन्हें रोका। इसको लेकर पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। पुलिस ने लाठी भांजकर भाजपाईयों को किसी तरह वहां से भगाया। गाली प्रकरण पर एक दिन पहले तक रक्षात्मक दिख रही भाजपा एकाएक आक्रामक हो गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने शुक्रवार को गोरखपुर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद ऐलान किया था कि दयाशंकर के परिवार की लड़ाई भाजपा लड़ेगी। उन्होंने नारा दिया, ‘‘बेटी के सम्मान में, भाजपा मैदान में।’’
भाजपा प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिये गये इस नारे के साथ भाजपा ने पूरे उत्तर प्रदेश में शनिवार को प्रदर्शन शुरु कर दिया। वे जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन भी दे रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से भाजपाई नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत अन्य बसपा नेतजाओं की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि दो दिन पहले धरना के दौरान बसपा नेताओं ने दयाशंकर के परिवार की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां की थीं।
भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी भी आज राज्यपाल राम नाईक से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे और और कार्रवाई की मांग करेंगे। पुलिस ने इस मामले में कल बसपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली थी। भाजपाईयों के प्रदर्शन को देखते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती के लखनऊ स्थित आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।
		
		
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper,  E-Paper & News Portal