मुंबई ।महाराष्ट्र के उरण में दिखे गए संदिग्ध का स्केच जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक यह स्केच मुंबई पुलिस ने जारी किया है। गुरुवार सुबह साढ़े छह बजे दो बच्चों द्वारा देखे गए संदिग्धों को देखने का दावा किया गया था। इनमें से एक संदिग्ध का स्केच जारी किया गया है। जानकारी के मुताबिक जिन बच्चों ने आतंकियों को देखा, उनमें एक लड़का और एक लड़की है। सुरक्षा एजेंसियों को संदिग्धों की तलाशी अभियान में लगाया गया था।भारतीय नौसेना के प्रमुख पीआरओ कैप्टन डी. के. शर्मा के मुताबिक मामला प्रकाश में आने के बाद महाराष्ट्र पुलिस के साथ तलाशी अभियान चल रहा है। पश्चिम नौसेना कमान ने उरन में समूह की संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में ‘हाई अलर्ट’ जारी किया है।नौसेना तलाशी अभियान में पुलिस और तटरक्षक बल का भी सहयोग ले रही है। अधिकारियों को मिली प्रारंभिक सूचना के मुताबिक चार स्कूली छात्रों ने उरन और करन्ला इलाके में भारतीय सेना जैसी वर्दी पहने हुए लोगों के एक समूह को देखा। डीजीपी कार्यालय ने तट के पास सभी थानों को तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। तट के पास गेटवे ऑफ इंडिया, राजभवन, बंबई हाई, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों सहित संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal