लखनऊ । उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ के पूर्व महापौर पद्मश्री डॉ एस0सी0 राय के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि डॉ राय लोकप्रिय चिकित्सक, जनसेवा के प्रति समर्पित महापौर थे। उनकी सेवायें उन्हें सदैव लोगों की स्मृतियों में जीवित रखेंगी। श्री नाईक ने दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए दुःखी परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रेषित की है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिष्ठित सर्जन और लखनऊ के पूर्व मेयर डा0 एस0सी0 राय के निधन पर गहरा शोक जताते हुए दिवगंत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा है कि 80 वर्षीय डा0 राय दो बार लखनऊ के मेयर निर्वाचित हुए थे। वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के करीबी थे। वे एक सफल सर्जन थे और गरीबों का मुफ्त इलाज भी कर देते थे। वे काफी लोकप्रिय थे।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने उनके निधन पर दुख व्यक्ति करते हुए कहा है कि स्व0 राय ईमानदार और कर्मठ नेता थे। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को धैर्य। प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर ने कहा कि उनके निधन से मुझे धक्का लगा है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री सुनील बंसल ने कहा कि उनके निधन से पूरी पार्टी शोक ग्रस्त है। भगवान उनके परिवार को सम्बल दे। उनके निधन पर शोक व्यक्त करने वालों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा0 दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय मंत्री डा0 महेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सांसद शिव प्रताप शुक्ला, राजवीर सिंह राजू भैया, धर्मपाल सिंह, गोपाल टण्डन, प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पंकज सिंह ने भी शोक व्यक्त किया। डा0 राय पिछले कुछ समय से बीमार थे। रविवार की दोपहर उन्होंने केजीएमयू के लारी कार्डियोलाॅजी में अंतिम सांस ली।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal