लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा को जवाब देने के लिए मुलायम संदेश यात्रा शुरू कर दी है। पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को राजधानी स्थित सपा मुख्यालय से इस यात्रा को रवाना किया।
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि 2017 में हमें दोबारा सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल निकल चुके हैं। लेकिन, आज जब सपा की यात्रा शुरू हो रही है तो सभी पार्टियां हमसे पीछे हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने अपने सभी वादे पूरे किये हैं। ऐसे में 2017 में हम एक बार फिर सरकार बनाएंगे।
सपा मुखिया ने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि लड़कियों और महिलाओं को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाज में समता और समानता लाना ही समाजवादी पार्टी का मूल सिंद्धांत है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए बहुत काम किया है। इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश की जनता को सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया जायेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी आने वाले दिनों में एक और यात्रा शुरू करेगी।
इसके बाद सपा मुखिया और मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
दो चरणों में चलेगी यात्रा
समाजवादी युवजन सभा के अध्यक्ष विकास यादव के नेतृत्व में आज प्रारम्भ हुई मुलायम संदेश यात्रा दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में यह यात्रा प्रदेश के चार मंडलों लखनऊ, कानपुर, झांसी और इलाहाबाद से होकर गुजरेगी। 20 सितम्बर को लखनऊ में इसका समापन कार्यक्रम होगा।
दूसरे चरण में यह यात्रा 25 सितम्बर को दिल्ली में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के आवास से शुरू होकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को कवर करेगी।
इस यात्रा के माध्यम से अखिलेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहते राज्य सरकार की 29 योजनाओं पर फोकस किया जाएगा। इन योजनाओं में छात्रों को लेपटॉप, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे का निर्माण, लखनऊ शहर में मेट्रो प्रोजेक्ट और कन्या विद्या धन जैसी कई योजनाएं शामिल की गयी हैं।
यात्रा में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सपा के उम्मीदवार, पार्टी के जिला कार्यकर्ता और बूथ कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal