बहराइच। यूपी विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार में राहुल गांधी शुक्रवार (24 फरवरी) को बहराइच में थे। यहां भी वो पीएम नरेंद्र मोदी पर हमलावर दिखे।
राहुल बोले, ‘यूपी चुनाव के दौरान जैसे ही समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन हुआ मोदी जी का चेहरा बदल गया।
अब वो नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। लेकिन अब कुछ भी कर लें उनको उत्तर प्रदेश में फायदा नहीं मिलने वाला है।’ कांग्रेस उपाध्यक्ष शुक्रवार को महसी विधानसभा के प्रत्याशी अली अकबर पप्पू के समर्थन में खैरा बाजार में जनसभा करने आये थे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘मोदी कहते हैं ‘मेक इन इंडिया’। आप बाजार में जाते हो तो वहां हर सामान पर मेड इन चाइना लिखा होता है। ये देखो हमारे मोबाइल पर भी मेड इन चाइना लिखा है और मोदी जी कहते हैं हम इंडिया में बनाते हैं। मोदी जी झूठ बोलते हैं।
राहुल ने अच्छे दिनों पर कसा तंज
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के अच्छे दिनों की तुलना फिल्म शोले के गब्बर सिंह से की। राहुल ने कहा कि ‘जनता को फिल्म दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे की तरह अच्छे दिनों के ख्वाब दिखाकर वोट ले लिया, मगर ढाई साल बीतने के बात पता चला कि अच्छे दिन तो नहीं आए लेकिन गब्बर सिंह जरूर आ गया।
अरबपतियों को पहुंचाया फायदा कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि पीएम ने नोटबंदी करके देश के 50 सबसे अमीर परिवारों को डेढ़ लाख करोड़ का फायदा पहुंचाया। उन्होंने कहा कि देश की जनता लाइनों में लगी रही और विजय माल्या पीएम मोदी की बदौलत लंदन में मौज कर रहा है। राहुल ने कहा कि पीएम मोदी विदेशों में जमा काले धन पर तो आक्रमण बोल नहीं पाए, उल्टा देश की जनता पर नोटबंदी का आक्रमण बोल दिया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal