Sunday , April 28 2024

संगम की धरती से माया का ऐलान, यूपी में बसपा लाएगी अच्छे दिन

unnamed (3)इलाहाबाद। बसपा सुप्रीमो मायावती ने रविवार को संगम की धरती से केंद्र और प्रदेश की सरकारों पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस भी उनके निशाने पर रही। इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि बसपा की सरकार ही उत्तर प्रदेश में अच्छे दिन ले आयेगी।

आगरा और आजमगढ़ के बाद आज इलाहाबाद के परेड मैदान में पार्टी की रैली को सम्बोधित करते हुए मायावती ने बड़े आत्मविश्वास के साथ कहा कि उप्र में अगली सरकार बसपा की ही बनेगी। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने अच्छे दिन का सपना पूरे देश को दिखाया लेकिन सरकार बनने के बाद उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद भाजपा और मोदी गरीबों की नहीं बल्कि पूंजीपतियों और धन्नासेठों के हित में काम कर रहे हैं। मायावती ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने जमीनी स्तर पर विकास का काम नहीं किया। मोदी ने विदेश से कालाधन वापस लाकर लोगों के एकाउंट में 15-20 लाख रुपया जमा करने की बात कही थी, लेकिन किसी को एक भी रुपया नहीं दिया। उन्होंने आरक्षण और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। कहा कि भाजपा सरकार में भी मध्यप्रदेश में व्यापमं घोटाला, छत्तीसगढ़ में घोटाला, विजय माल्या घोटाला आदि कई घोटाले सामने आए हैं।

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के बारे में कहा कि जिसका खुद का आपराधिक इतिहास रहा हो वह अपराध और अपराधियों के खिलाफ क्या कर सकता है। बसपा सुप्रीमो ने कहा कहा कि कांग्रेस की तरह ही भाजपा की सरकार भी काम कर रही है। ऐसे में देश और प्रदेश की जनता अब इनसे ऊब चुकी है। कांग्रेस पर बोला हमला कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इसकी हालत बहुत खराब है। उसे यूपी में मुख्यमंत्री का उम्मीदवार नहीं मिला। इसलिए दिल्ली से बुजुर्ग महिला को लाकर यहां मुख्यमंत्री का उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि यह वही शीला हैं जिन्होंने दिल्ली में यूपी और बिहार के लोगों का अपमान किया है। मायावती ने कहा कि गलत नीतियों से कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई। अब उप्र की जनता कांग्रेस के बहकावे में नहीं आएगी।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधा-

उत्तर प्रदेश की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। महिलाओं का दशा तो सबसे ज्यादा खराब है। कोई ऐसा दिन नहीं है जब महिलाओं का उत्पीड़न न हो रहा है। उन्होंने कहा कि सपा राज में पूरे प्रदेश में सरकारी और गैरसरकारी जमीनों पर जमकर अवैध कब्जा हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय कानून का राज नहीं बल्कि जंगलराज है और जनता इससे निजात चाहती है।
मायावती ने अपने एक घंटे से अधिक समय तक के सम्बोधन में कई बार कहा कि भाजपा और सपा की मिलीभगत के कारण ही उत्तर प्रदेश का विकास नहीं हो पा रहा है।

मीडिया को भी नहीं छोड़ा-

मायावती ने अपने सम्बोधन के दौरान मीडिया को भी नहीं छोड़ा। कुछ मीडिया घरानों के साथ राजनीतिक पार्टियों की मिलीभगत का आरोप लगाया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आये कुछ सर्वे पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि अखबार, चैनल और सर्वे कराने वाली कंपनियों ने 2007 में बसपा को तीसरे और चौथे नंबर पर बताया गया था, लेकिन उस समय जब चुनाव का परिणाम आया तो बसपा पहले नंबर पर रही। उन्होंने कहा कि ये अखबार, चैनल और सर्वे कराने वाली कंपनियां धन्नासेठों की हैं। मायावती ने अपने कार्यकर्ताओं से इनसे सावधान रहने को कहा।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com