लखनऊ: पार्टी में मचे घमासान के बाद पहली बार सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव मीडिया के सामने आए। उन्होंने अखिलेश यादव के फैसले को पलटते हुए पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को दोबारा मंत्रिमंडल में वापसी का ऐलान किया है। मुलायम सिंह ने कहा कि प्रजापति के खिलाफ की गई कार्रवाई रद्द की जाएगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव उनकी बात नहीं टालेंगे। बता दें कि बीते सोमवार को खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया था। हालांकि इस बार उन्हें दूसरा विभाग दिया जाएगा। वहीं अखिलेश और शिवपाल के बीच विवाद पर उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं में कोई झगड़ा नहीं है। उनके रहते पार्टी में कोई फूट नहीं हो सकती है। क्योंकि 2017 विधानसभा चुनाव में दोबारा सरकार बनानी है। मुलायम ने कहा कि सपा में मचे विवाद से कार्यकर्ता भी चिंतित हैं। सपा सुप्रीमो ने ये बातें समाजवादी पार्टी के दफ्तर लखनऊ में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
ये भी हुआ फैसला
शिवपाल यादव के सभी विभाग भी होंगे वापस।प्रदेश अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे शिवपाल यादव।शिवपाल यादव के समर्थकों ने राम गोपाल यादव के खिलाफ नारे लगाए। मुलायम से मुलाकात के बाद माने अखिलेश यादव।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal