कानपुर। बूथ व युवा सम्मेलन के साथ ही अब भारतीय जनता पार्टी ने आधी आबादी पर निगाहे गड़ा दी है। हर विधान सभा क्षेत्र में सम्मेलन कर महिलाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा।
कानपुर-बुंदेलखण्ड में विधान सभा की 52 सीटें हैं जिन पर महिला सम्मेलन की जिम्मेदारी संगठन मंत्री अशोक तिवारी को सौंपी गई है।जिम्मेदारी मिलने पर संगठन मंत्री ने बताया कि अभी महिला सम्मेलन की तिथि निश्चित नहीं हुई, पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हे दायित्व सौंपते हुए उनसे सलाह ली जा रही है।
कानपुर-बुन्देलखण्ड क्षेत्र के सभी जिलों एवं मण्डलों तक संरचना हो चुकी है अब हमें सेक्टर और बूथ स्तर की बहनों को अपने साथ जोड़ना है। बहनों से सुझाव लिये जा रहें है कि हम सम्मेलनों को और अच्छा, भव्य कैसे बना सकते हैं। बहनों के अच्छे-अच्छे सुझाव आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक विधान सभा क्षेत्र में 25 हजार महिलाओं के सम्मेलन का लक्ष्य रखा गया है, जो अलग-अलग तिथियों में सम्मेलन आयोजित होंगे।
राष्ट्रीय महामंत्री कमलावती सिंह ने बताया कि भाजपा ही देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों व महिलाओं का विशेष ध्यान रखती है। सम्मेलन के जरिए अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा।
सम्मेलन में प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था का मुख्य मुद्दा बनाया जाएगा और केन्द्र सरकार की महिला योजनाओं के विषय में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं अपने को असुरक्षित महसूस कर रही हैं जिसका हल भाजपा ही निकाल सकती है। इसी उद्देश्य के साथ अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ा जाएगा। इसके लिए बूथ कमेटियों के महिला सदस्यों को आगे किया जा रहा है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal