Sunday , April 28 2024

21 आईएएस अधिकारी इधर-उधर, प्रदीप भटनागर नये एपीसी

download (12)लखनऊ। प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात कई प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले कर दिए। आज भी कई आईएस व आईपीएस अफसरों के तबादले होने की संभावना जताई जा रही है। शासन ने प्रमुख सचिव कृषि प्रदीप भटनागर को सूबे का नया कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) नियुक्त किया है। अब तक एपीसी रहे प्रवीर कुमार को शासन ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना एक्सप्रेस वे का अध्यक्ष बनाया है। सोमवार देर रात जारी तबादला सूची के अनुसार रमारमण को नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना एक्सप्रेस वे के अध्यक्ष पद से अवमुक्त कर दिया गया है। हालांकि वह इन सबके मुख्य कार्यपालक अधिकारी बने रहेंगे।
यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डा0 अरूणवीर सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है, जबकि ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीपक अग्रवाल को ग्रेटर नोएडा का ही मुख्य कार्यपालक अधिकारी बना दिया गया। ग्रेटर नोएडा में अब तक अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी रहे प्रमोद चंद्र गुप्ता को मैनपुरी का जिलाधिकारी बना दिया गया है। इसी तरह प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण संजीव सरन से एनआरआई विभाग के प्रभार से अवमुक्त कर दिया गया है। यह पद ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव संजय अग्रवाल को अतिरिक्त प्रभार के रूप में दिया गया है। राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव सुरेश चन्द्र को सिंचाई विभाग दिया गया है जबकि खेलकूद की प्रमुख सचिव अनीता भटनागर को राजस्व विभाग का नया प्रमुख सचिव बनाया गया है।

प्रमुख सचिव आईटी आरके तिवारी वर्तमान पद के साथ श्रम एवं सेवायोजन विभाग भी संभालेंगे। प्रमुख सचिव ग्रामीण अभियंत्रण सेवा महेश कुमार गुप्ता को खेलकूद एवं युवा कल्याण भी दिया गया है।।
व्यवसायिक शिक्षा के सचिव भुवनेश कुमार को भी वर्तमान पद के साथ मुख्य सचिव का प्रमुख स्टाफ आफीसर बनाया गया है। आयुक्त एवं निदेशक हथकरघा रणवीर प्रसाद को भी वर्तमान पद के साथ श्रमायुक्त उप्र का अतिरिक्त कार्यभार मिला है। रायबरेली के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार को हटाकर उन्हें लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। जिलाधिकारी कन्नौज अनुज कुमार झा अब रायबरेली के डीएम होंगे जबकि आबकारी के विशेष सचिव डा0 अशोक चन्द्र कन्नौज के नये जिलाधिकारी होंगे। गाजियाबाद के जिलाधिकारी विमल कुमार शर्मा को भी वहां से हटाकर वाणिज्यकर का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। फिरोजाबाद की जिलाधिकारी निधि केसरवानी अब गाजियाबाद की नयी जिलाधिकारी होंगी। नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश प्रकाश को जिलाधिकारी बनाकर फिरोजाबाद भेजा गया है। उधर मेरठ के जिलाधिकारी पंकज यादव भी हटा दिये गये हैं। शासन ने उन्हें अब बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया है।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com