Saturday , May 17 2025
29 करोड़ की परियोजनाओं के शिलान्यास अवसर पर मंत्री एके शर्मा का संबोधन

29 करोड़ की परियोजनाओं से चमकेगा कसया नगर, मंत्री एके शर्मा ने किया शिलान्यास

कसया (कुशीनगर)। 29 करोड़ की परियोजनाएं अब कसया नगर के विकास की नई पहचान बनेंगी। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित निराश्रित पशु आश्रय गौशाला का निरीक्षण करते हुए विधिपूर्वक पूजन-अर्चन के साथ 29.34 करोड़ रुपये की कुल 121 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

मंत्री एके शर्मा ने सर्वप्रथम गौशाला परिसर में गौपूजन किया, गायों को गुड़ और चारा खिलाया तथा गौमाता को नमन किया। इसके बाद उन्होंने 7 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 35 परियोजनाओं का लोकार्पण किया और 21 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत वाली 86 नई परियोजनाओं का शिलान्यास फीता काटकर किया।

विकास के लिए धन की कमी नहीं

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। “वर्ष 2047 तक भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा,” उन्होंने कहा। साथ ही यह भी आश्वस्त किया कि नगर विकास और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

बुनियादी सुविधाओं में होगा इजाफा

कार्यक्रम में उपस्थित कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि सरकार हर नगर क्षेत्र को स्मार्ट और आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य के तहत काम कर रही है। उन्होंने इंटरनेशनल एयरपोर्ट, ओवरब्रिज निर्माण और कृषि विश्वविद्यालय की प्रगति की जानकारी भी साझा की। इन परियोजनाओं से पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी।

नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने साझा किए विचार

भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, विधायक विनय प्रकाश गौड़, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती किरण जायसवाल और अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल ने मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह शिलान्यास कसया क्षेत्र के नागरिकों को सीधी राहत देने वाला कदम है। श्री शर्मा को अंगवस्त्र और बुद्ध प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, अवधेश प्रताप सिंह, संतोष दत्त राय, मंडल अध्यक्ष आद्या पाण्डेय समेत अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे।

E-Paper

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com