लखनऊ। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश भर में डेंगू का कहर अभी भी बरकारार है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, केवल राजधानी में डेंगू से 350 से भी ज्यादा लोग पीड़ित हैं। जबकि पूरे प्रदेश में यह आंकड़ा 3,300 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया…..
– ‘‘पूरे प्रदेश में डेंगू की वजह से अब तक लगभग 3,303 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अभी तक 110 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है।’’
– वहीँ बलरामपुर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. राजीव लोचन का कहना है कि ”अब तक 4,500 लोगों ने डेंगू का परीक्षण करवाया है, जिसमें 290 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। 35 मरीज अभी अस्पताल में भर्ती हैं।
– वहीं सिविल अस्पताल में अब तक लगभग 2,217 लोग डेंगू का परीक्षण करवा चुके हैं, जिनमें 701 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं, 25 से ज्यादा मरीज गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। इसकी जानकारी चिकित्सा अधीक्षक डा. आशुतोष दुबे ने दी।
– इसी तरह डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 1,780 लोगों ने डेंगू की जांच करवाई, जिसमें प्राथमिक जांच के बाद 424 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई।
सीएम और मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश –
– डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने आला अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद अधिकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर संबंधित चिकित्सकों अपनी जिम्मेदारियों के निर्वाह को लेकर आगाह कर रहे हैं।
– वहीं लखनऊ में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री रविदास मेहरोत्रा की देखरेख में फागिंग कराई गयी और जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस मौके पर मंत्री के साथ मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एस.एन.एस.यादव भी साथ में रहे ।
– तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव की वजह से मच्छरों को पनपने में मदद मिल रही है। चिकित्साधिकारी एस.एन.एस. यादव के मुताबिक, लखनऊ में कई जगहों पर फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि डेंगू मच्छरों को पनपने से रोका जा सके।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal