हमीरपुर। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हो रही लगातार बारिश के कारण गुरुवार को हमीरपुर से गुजरने वाली यमुना और बेतवा नदियाँ उफान पर हैं। बांधों से पानी छोड़े जाने की वजह से दोनों नदियों में जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे बाढ़ की आशंका पैदा हो गई है।
YOU MAY ALSO READ: अंडर-19 यूपी क्रिकेट टीम के लिए मुरादाबाद मंडल से 10 खिलाड़ी फाइनल ट्रायल के लिए चयनित
लहचूरा और माताटीला बांधों से पानी छोड़ने के कारण यमुना और बेतवा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने की सम्भावना है। मौदहा बांध के अधिशाषी अभियंता करन पाल सिंह गंगवार ने बताया कि बांधों से 5,85 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है, जो धसान नदी से होकर बेतवा नदी में आएगा। इसी प्रकार, माताटीला बांध से बेतवा नदी में दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। प्रशासन ने तटीय इलाकों को अलर्ट कर दिया है। लोगों को नदियों के आसपास किसी भी प्रकार की गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है। तटीय इलाकों की बाढ़ चौकियों को भी सतर्क कर दिया गया है। अधिशाषी अभियंता ने कहा कि भारी बारिश का भी अलर्ट जारी है, इसलिए सभी को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। बाढ़ की सम्भावना को देखते हुए तटीय इलाकों में हलचल बढ़ गई है और लोग सतर्क हो गए हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal