लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य को अराजकता में धकेल दिया है और कानून का राज समाप्त हो चुका है।
ALSO READ: Transfer News: UP के बाद अब इस राज्य के हुए 183 प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले
अराजकता और भ्रष्टाचार का आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह चरम भ्रष्टाचार, बजट की लूट, और निर्दोष लोगों पर झूठे मुकदमे लगाकर प्रदेश की छवि को खराब कर रही है। उन्होंने कहा, “पुलिस प्रशासन मनमानी पर उतारू है और असली अपराधियों के बजाय गरीब निर्दोषों को प्रताड़ित किया जा रहा है।”
जीरो टॉलरेंस का दावा झूठा
यादव ने भाजपा के जीरो टॉलरेंस के दावे को भी झूठा करार दिया, और कहा कि भाजपा के नेता खुद स्वीकार कर रहे हैं कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बेतहाशा बढ़ गया है। “मुख्यमंत्री को अपने शासन का कुशासन स्वीकार करना चाहिए,” उन्होंने कहा।
जनहित के कार्य ठप्प
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा राज में विकास कार्य ठप्प हो गए हैं और आम जनता बाढ़, जंगली जानवरों, और बीमारियों से त्रस्त है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए फर्जी एनकाउंटर और झूठे मुकदमे का सहारा ले रही है।
अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि कमजोर लोगों के खिलाफ फर्जी एनकाउंटर एक गंभीर नाइंसाफी है। उनका बयान स्पष्ट करता है कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की योजना बना रही है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal