लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी उपचुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने सभी सीटों पर साइकिल चुनाव निशान पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है, जिसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तंज कसा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, “हाथ का पंजा खाली रह गया है, कांग्रेस अब हाथ मलती रहेगी। सपा ने मुलायम सिंह का धोबी पछाड़ दांव कांग्रेस पर चला दिया है। भाजपा का ‘कांग्रेस मुक्त’ का नारा अब सपा ही साकार कर रही है।”
त्रिपाठी ने कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी अपनी दुर्दशा के लिए खुद जिम्मेदार है और सपा ने मध्य प्रदेश और हरियाणा विधानसभा चुनाव का बदला यूपी में लिया है।
वहीं, सपा नेता अखिलेश यादव के बयान का जवाब देते हुए कांग्रेस के नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, “इंडिया गठबंधन सभी 9 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। हमारे लिए चुनाव चिह्न महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि भाजपा के कुशासन का अंत करना ज्यादा जरूरी है। सुरक्षा, शांति और संविधान की रक्षा करना हमारी प्राथमिकता है।”
राजपूत ने अखिलेश यादव की हरियाणा में सकारात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि हम उसी भावना के साथ चुनाव लड़ेंगे और सभी 9 सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
उपचुनाव में सियासी तापमान बढ़ने के साथ ही सभी दल अपनी रणनीतियों को मजबूत करने में जुट गए हैं।
also read:सभी सयुक्त प्रत्याशी 9 सीटों पर ‘साइकिल’ के निशान पर चुनाव लड़ेंगे
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal