“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूपी में सघन टीबी अभियान शुरू किया गया। 100 दिवसीय अभियान के पहले महीने में 9,340 टीबी मरीजों का इलाज शुरू हुआ। 15 जनपदों में 35 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें सीतापुर में सर्वाधिक 1175 मरीज पाए गए।”
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान शुरू किया गया है। सात दिसंबर से शुरू हुए इस अभियान के पहले महीने में प्रदेश के 15 जनपदों में लगभग 35 लाख लोगों की टीबी के संभावित लक्षणों के आधार पर स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 9,340 लोगों में टीबी की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है।
राज्य क्षय रोग अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र भटनागर के अनुसार, सर्वाधिक 1175 मरीज सीतापुर में पाए गए, जबकि सबसे कम 258 मरीज अमेठी में मिले। अन्य जनपदों में सिद्धार्थनगर में 900, रामपुर में 858, बाराबंकी में 800 और रायबरेली में 711 टीबी मरीज पंजीकृत हुए हैं।
टीबी के उन्मूलन के उद्देश्य से, इन 15 जनपदों में 71,000 निक्षय शिविर लगाए गए, जिनमें से 3723 शिविर 52 निक्षय वाहनों के द्वारा लगाए गए। इसके साथ ही 29,290 निक्षय मित्रों ने 50,705 टीबी मरीजों को गोद लिया और 2201 पोषण पोटली वितरित की। इस अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता फैलाने का कार्य भी किया जा रहा है और स्वयंसेवी संस्थाएं इसमें सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं।
यह भी पढ़ें : संगम तट पर उमड़ा आस्था का हुजूम, लाखों श्रद्धालुओं ने किया महास्नान
डॉ. भटनागर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रदेश के सभी 75 जिलों में यह अभियान अब चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उच्च जोखिम वाले समूहों में 60 साल से अधिक आयु के लोग, डायबिटीज और एचआईवी के रोगी, कुपोषित जनसंख्या और धूम्रपान या नशा करने वाले लोग शामिल हैं। मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता के परिणामस्वरूप इस अभियान से प्रदेश में टीबी उन्मूलन में निश्चित सफलता मिलेगी।
देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए जुड़े रहें विश्ववार्ता के साथ।ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal