दहेज की भेंट चढ़ी एक और विवाहिता, सदमे में परिजन; ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सेवरही। कुशीनगर जिले के सेवरही कस्बे के शिवशक्ति नगर वार्ड निवासी एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने दहेज की मांग को लेकर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवशक्ति नगर वार्ड निवासी भरत निषाद पुत्र रामअवध निषाद ने अपनी पुत्री करीना निषाद का विवाह 27 जून को देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र निवासी कृष्णा निषाद पुत्र रामसूरत निषाद के साथ अपनी सामर्थ्य के अनुसार रीति-रिवाज से किया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की अतिरिक्त दहेज के रूप में मांग कर रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी मांग को लेकर करीना का उत्पीड़न किया गया और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता भरत निषाद की तहरीर पर गौरी बाजार थाना पुलिस ने ससुराल पक्ष के आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में गौरी बाजार के थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा सभी पहलुओं की जांच करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button