वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी इलाके में आधी रात पुलिस ने गेस्ट हाउसों में छापेमारी कर कथित अनैतिक देह व्यापार का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, बस सर्विस और भोजनालय की आड़ में संचालित गेस्ट हाउस में ‘स्पेशल सर्विस’ के नाम पर देह व्यापार की गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चार महिलाओं समेत तीन पुरुष और गेस्ट हाउस संचालक को हिरासत में लिया गया। मौके से अनैतिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी पुलिस ने जब्त की है।
छापेमारी की सूचना मिलते ही एसीपी काशी जोन शुभम जैन समेत जांच टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की पड़ताल की। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और गेस्ट हाउस के संचालन तथा उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामग्री और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में गेस्ट हाउस की आड़ में चल रही गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।



