दिवाली पर रणवीर सिंह के परिवार में पसरा मातम, नाना को खोया

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह के लिए दिवाली 2026 की खुशियां दुख में बदल गईं। त्योहार के दिन ही उनके नाना डॉक्टर राम हिंगोरानी का 96 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी रणवीर सिंह की ममेरी बहन सौम्या हिंगोरानी ने सोशल मीडिया पर साझा की। हालांकि, परिवार की ओर से निधन की वजह नहीं बताई गई है।

सौम्या ने अपने नाना के साथ बिताए खास पलों की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने बताया कि डॉक्टर राम हिंगोरानी ने दिवाली के दिन शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली।

96 साल की उम्र में भी थे बेहद सक्रिय

डॉक्टर राम हिंगोरानी उम्र के इस पड़ाव पर भी काफी सक्रिय थे। साल 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान 93 साल की उम्र में वे मुंबई की गर्मी के बीच मतदान करने पहुंचे थे। उस दौरान उनके उत्साह ने लोगों का ध्यान खींचा था। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।

रणवीर सिंह ने भी उस समय अपने नाना की तस्वीर साझा की थी, जिसमें वे एक पुलिसकर्मी के साथ नजर आ रहे थे। इसके अलावा एक्टर ने उनके 93वें जन्मदिन पर भी उनके साथ की तस्वीर पोस्ट की थी।

कजिन सौम्या ने लिखा भावुक संदेश

डॉक्टर राम हिंगोरानी के निधन की खबर साझा करते हुए सौम्या ने उन्हें 96 साल का जवान बताया। उन्होंने लिखा कि इस महान जीवन का जश्न मनाया जाना चाहिए, न कि सिर्फ शोक। सौम्या के मुताबिक, उनके नाना दिवाली के दिन अपनी पत्नी से मिलने चले गए।

अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि उन्हें विश्वास है कि उनके नाना और नानी ऊपर बैठकर उन्हें देख रहे होंगे। सौम्या ने अपने नाना को दुनिया का सबसे महान दादा बताते हुए उनका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने भावुक अंदाज में यह भी लिखा कि जब वे फिर साथ डांस करें, तब तक उनके लिए आइसक्रीम का एक स्कूप बचाकर रखें।

रणवीर और दीपिका के परिवार में हाल ही में आई थी खुशखबरी

रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण हाल ही में दूसरी बेटी के माता-पिता बने हैं। साल 2024 में उनके घर पहली बेटी दुआ का जन्म हुआ था, जबकि 19 सितंबर 2026 को परिवार में दूसरी बेटी का आगमन हुआ। वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी और दीपिका की दिसंबर 2026 में रिलीज होने वाली फिल्म ‘किंग’ को लेकर भी चर्चा है।

Related Articles

Back to top button