
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 13 नवंबर से चुनावी तैयारी औपचारिक रूप से शुरू करेगी। इसके तहत प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला और शहर अध्यक्षों के साथ-साथ विभिन्न विभागों और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों की कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
हालांकि, चुनाव से पहले गठबंधन का स्वरूप और सीटों के बंटवारे पर अभी फैसला होना बाकी है। इस बीच कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है।
जिला और शहर अध्यक्षों को मिलेगी चुनावी रणनीति की जानकारी
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन और सांसद तनुज पुनिया ने प्रेसवार्ता में बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में 13 नवंबर को एक दिवसीय कार्यशाला होगी। इसमें प्रदेशभर के जिला और शहर अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष तथा विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश चेयरमैन शामिल होंगे।
कार्यशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और राष्ट्रीय सचिव भी मौजूद रहेंगे। वरिष्ठ नेता पदाधिकारियों को बीजेपी और प्रदेश सरकार के खिलाफ मुद्दों को जनता के बीच उठाने की रणनीति बताएंगे।
रोजगार, किसान और जनविरोधी नीतियां होंगे प्रमुख मुद्दे
तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के रोजगार, किसानों की समस्याओं और सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। जिला और शहर अध्यक्षों को इन मुद्दों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। पार्टी का लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और जनता के बीच अपनी बात प्रभावी ढंग से रखना है।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम को भी मिलेगी ट्रेनिंग
चुनावी तैयारी के तहत 13 नवंबर को मीडिया विभाग, सोशल मीडिया विभाग, विधि विभाग और कनेक्ट सेंटर की भी कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें कांग्रेस के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन और सांसद पवन खेड़ा तथा यूपी कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी अभय दुबे शामिल होंगे।
कार्यशाला में मीडिया के साथ बेहतर संवाद, सोशल मीडिया के जरिए जनता तक पहुंच और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाने की रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी नेताओं के मुताबिक, किसानों, युवाओं और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने के लिए पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।



