ओवैसी के गठबंधन पर अखिलेश का तंज, अब AIMIM ने दिया जवाब

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के बीच सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी पर अब AIMIM ने जवाब दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शोएब जमई ने अखिलेश पर पलटवार करते हुए कहा, ‘देर आए, दुरुस्त आए’। उन्होंने कहा कि बीजेपी को चुनाव में चुनौती देने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर मैदान में उतरना चाहिए।

‘बीजेपी को रोकने के लिए एकजुट होना जरूरी’

शोएब जमई ने कहा कि AIMIM लगातार विपक्षी दलों से एक साथ चुनाव लड़ने की अपील करती रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम समुदायों की आबादी करीब 44 फीसदी है। इसके बावजूद इन वर्गों को पर्याप्त राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं मिल रही है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने दलित और मुस्लिम समुदायों को पीछे छोड़ दिया है। जमई ने यह भी कहा कि सपा ने PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के अपने राजनीतिक नारे से दूरी बना ली है और अब मंदिरों की राजनीति की ओर बढ़ रही है।

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर बढ़ी सियासी चर्चा

AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से प्रदेश में एक नए राजनीतिक विकल्प की चर्चा शुरू हुई है। दोनों दलों ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। जमई का दावा है कि इस गठबंधन के बाद दूसरी राजनीतिक पार्टियां भी इसके प्रभाव को लेकर चिंतित हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में सकारात्मक परिणाम देगा और बीजेपी को चुनौती देने में अहम भूमिका निभाएगा।

अखिलेश यादव ने शायरी के जरिए कसा था तंज

दरअसल, अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक शायराना पोस्ट साझा की थी। उन्होंने सीधे तौर पर किसी पार्टी या नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन से जोड़कर देखा गया।

अखिलेश ने लिखा था, ‘वो उड़ते हुए बस इंतख़ाब के वक़्त ही क्यों आते हैं। जितना कहते हैं आका उतना कहकर चले जाते हैं।’

उनकी इस पोस्ट को चुनाव के समय सक्रिय होने वाले राजनीतिक दलों पर निशाने के तौर पर देखा गया। अब शोएब जमई के पलटवार के बाद उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों के बीच गठबंधन और राजनीतिक समीकरण को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button