चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को पलवल के होडल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 150 करोड़ रुपए से अधिक की घोषणाएं की और इलाके के खेतों में टेल तक पानी पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र लिखने की बात कही।
हसनपुर में गति प्रगति रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली को भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने व पारदर्शिता लाने के लिए राशन वितरण में आधार को अनिवार्य करने जा रही है। अब राशन कार्ड में दर्ज सदस्य की बायोमीट्रिक हाजिरी के बाद ही डिपो से राशन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने रैली में उपस्थित जनसमूह को हरियाणा की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में गुडग़ांव में पहली नवंबर को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार आगामी 26 अक्टूबर को अपने दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करेगी। तीसरा साल भाजपा सरकार की परफोर्मेंस का होगा। उन्होंने बताया कि इस साल अनेक जनकल्याणकारी नीतियां व कार्यक्रम चलाए जाएंगे। यह वर्ष अंत्योदय का विचार देने वाले चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मशती वर्ष भी है। केंद्र सरकार इसे गरीब कल्याण वर्ष के तौर पर मनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तक रोजगार के अवसर पहुंचाने की दिशा में भी भाजपा सरकार तेजी से कार्य कर रही है। गुडग़ांव में हुए हैपनिंग हरियाणा सम्मेलन के उपरांत सरकार ने 450 एमओयू किए हैं, जिनसे छह लाख करोड़ रुपए से अधिक निवेश की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस निवेश के धरातल पर आने से राज्य के दो लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि निवेशकों के सामने राज्य सरकार की ओर से प्रस्ताव रखा गया कि अगर हरियाणा के नौजवानों को रोजगार देंगे तो उन्हें लाइसेंस में रियायत, बिजली के बिलों में छूट तथा वेतन देने में भी सहायता राज्य सरकार की ओर से की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का चयन केवल पांच साल के लिए होता है लेकिन पांच साल में हमें यह अधिकार नहीं कि अगले 35 वर्षों की सेवा के लिए भाई-भतीजावाद या क्षेत्रवाद को आधार माना जाए। मुख्यमंत्री ने पलवल जिले से भाजपा का एक भी विधायक न होने के बावजूद इस क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपए की घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि पलवल के दूधौला गांव में विश्वकर्मा कौशल विकास विश्वविद्यालय खोला जाएगा।केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व की कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि उस समय घोटालों व भ्रष्टाचार के मामलों की भरमार थी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal