रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने बृहस्पतिवार रात यहां नया रायपुर में आयोजित राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या पर रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका का शानदार मंचन करने वाले इंडोनेशिया के बाली प्रदेश से आए सेमरा रितिह संस्था के कलाकारों का स्वागत किया।
उनके नाट्य मंचन की प्रशंसा करते मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्म स्थान भारत के अयोध्या में है, लेकिन भारत से हजारों किलोमीटर दूर इंडोनेशिया के बाली प्रदेश में वहां के लोगों ने रामायण के माध्यम से रामकथा को पूरी गरिमा के साथ एक समृद्ध परम्परा के रूप में जीवित रखा है। बाली के लोगों में भगवान श्रीराम के प्रति जो आस्था है, वह इन कलाकारों में स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है।
डॉ रमन सिंह ने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि हमारे विद्वानों के अनुसार भगवान श्रीराम का ननिहाल छत्तीसगढ़ में था। डॉ। सिंह ने कार्यक्रम में इण्डोनेशिया के मिनिस्टर काउंसलर (संस्कृति) मोजेस तांडुग का भी स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती वीणा सिंह, छत्तीसगढ़ सरकार के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अजय चन्द्राकर, राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के अध्यक्ष छगन मूंदड़ा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, राज्य सहकारी बैंक (अपैक्स बैंक) के अध्यक्ष अशोक बजाज और पर्यटन, संस्कृति तथा जनसम्पर्क विभाग के सचिव संतोष मिश्रा भी उपस्थित थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal