लखनऊ। हेलीकॉप्टर से लखनऊ दर्शन, अलग-अलग प्रांतों की सभ्यता-संस्कृति और कला झलक, जायकों की खुशबू और राजधानी के विकास की कहानी कहती गैलरियां।
यह नायाब नजारा स्मृति उपवन में 25नवंबर से 5दिसंबर तक आयोजित होने वाले लखनऊ महोत्सव के दौरान नजर आएगा। इसके अलावा स्टॉल्स की संख्या में भी इजाफा हुआ है। जहां राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय शिल्पियों की संख्या बढ़ाई गई है।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आर के प्रसाद ने बताया कि महोत्सव के दौरान विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें राजधानी में कहां-कितना विकास हुआ है। इसकी जानकारी होगी। हालांकि टिकट के दामों में कोई वृदि्ध नहीं की गई है। हर बार की तरह दस रूपए ही इंट्री फीस होगी।
इनके बढ़े स्टॉल्स
आरके प्रसाद ने बताया कि इस बार शिल्पी स्टॉल्स की संख्या साढ़े तीन सौ से बढ़ाकर चार सौ कर दी गई है। वहीं फूड स्टॉल्स की संख्या 50से बढ़ाकर 65 कर दी गई है। इसके अलावा कॉमर्शियल स्टॉल्स की संख्या बीते वर्ष के बराबर ढाई सौ रखी गई। इनके किराए में कोई इजाफा नहीं हुआ है।
विभागीय प्रदर्शनी से दिखाएंगे विकास
आरके प्रसाद ने बताया कि पर्यटन, लखनऊ मेट्रो, औद्यानिक विभाग, नाबार्ड सहित तकरीबन 15अन्य सरकारी विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह दर्शकों को राजधानी में किए गए विकास और उनके द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी देंगे।
जनहित की होगी बात
चुनाव पहचान पत्र कैसे और कहां से बनवाएं, इसकी जानकारी मिलेगी। महिलाओं के हित में संचालित की जा रही योजनाओं की बात होगी। लोगों को यह जानकारी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
नहीं होगा पुस्तक मेला
आरके प्रसाद ने बताया कि इस बार पुस्तक मेले का आयोजन नहीं होगा। उन्होंने बताया कि उसकी जगह पर बीते साल के बेहतरीन अनुभव के आधार पर ऑटो एक्सपो का आयोजन होगा। इसमें तकरीबन सभी टू-व्हीलर और फोर व्हीलर गाड़ियों के ब्रांड मौजूद होंगे।
जायके में होगी हर प्रांत की खुशबू
फूड स्टॉल्स की बढ़ी संख्या में देश के अलग-अलग प्रांतों के पकवान होंगे। इस बार राजस्थानी, गुजराती, मारवाड़ी और पंजाबी शैली के पकवानों के स्टॉल्स की संख्या बढ़ी है।
कुछ के बढ़े किराए
आरके प्रसाद ने बताया कि कॉमर्शियल स्टॉल्स और शिल्पियों के स्टॉल्स के किरायों में इस बार कोई वृद्धि नहीं की गई है। बीते साल की तरह कॉमर्शियल स्टॉल्स का किराया 25हजार, शिल्पियों के लिए 15हजार ही रखा गया है। फूड स्टॉल की कीमत 40हजार से बढ़ाकर 51हजार कर दी गई है। वहीं झूला जोन का किराया एक करोड़69लाख से बढ़ाकर 2करोड़ आठ लाख कर दिया गया है।
हेलीकॉप्टर से हो सकता है लखनऊ दर्शन
अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर से महोत्सव के दौरान दस मिनट की सैर कराने के विषय में विभाग से वार्ता हुई है। इसमें तीन हजार की धनराशि देकर दस मिनट में लखनऊ दर्शन कराया जाएगा। फिलहाल विभाग को प्रस्ताव का इंतजार है साथ ही उम्मीद भी है कि इस आयोजन से दर्शकों की संख्या में और भी इजाफा होगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal