चंडीगढ़ । सतलुज-यमुना लिंक नहर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हरियाणा और पंजाब के रिश्ते तल्ख होते जा रहे हैं। हिंसा की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को हरियाणा रोडवेज ने पंजाब में लंबे रूट की कई बसों का संचालन बंद कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा रोडवेज ने सिरसा से पंजाब जाने वाली बसों का संचालन रोक दिया है। सिरसा डिपो की फाजिल्का, मलोट व पंजाब के रास्ते चंडीगढ़ जाने वाली बसें शुक्रवार को नहीं भेजी गईं। बताया जाता है कि गुरुवार शाम को सिरसा से पंजाब गई बस में झगड़ा हो गया था। यह घटना पंजाब के मलोट में हुई। इसके बाद रोडवेज प्रशासन ने ऐहतियातन बसों का परिचालन बंद कर दिया है।
उधर, कैथल से भी पंजाब को ओर जाने वाली हरियाणा रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। हरियाणा रोडवेज ने पंजाब जाने वाली कई बसों का रूट बदल दिया है। कुरुक्षेत्र व पिहोवा सब डिपो से पंजाब जाने वाली बसों को चंडीगढ़ व दिल्ली रूट पर चलाया जा रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal