नई दिल्ली। व्यक्तिगत कारणों से उप राज्यपाल नजीब जंग ने अपने पद से इस्तीफा दिया। केंद्र सरकार जल्द ही दिल्ली के नए उपराज्यपाल के नाम की घोषणा कर सकती है। पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार रात इस पर चर्चा की।
मीडिया खबरों के अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में गृह सचिव रहे अनिल बैजल उप राज्यपाल की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। विवादों के कारण हटाए गए चंडीगढ़ के प्रशासक के जे अलफोंसे के नाम की भी चर्चा है।
बताया जा रहा है कि इन दो नामों के अलावा तीन और लोगों के नामों की अटकलें लगाई जा रही हैं। दिल्ली के उप राज्यपाल के लिए भाजपा नेता जगदीश मुखी, दिल्ली पुलिस के पूर्व आयुक्त बीएस बस्सी और पुडुचेरी की उप राज्यपाल किरण बेदी भी दौड़ में हैं।
बैजल 1969 बैच के IAS अफसर रहे हैं। वह दिल्ली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रहे चुके हैं। इसके अलावा वह इंडियन एयरलाइंस के सीएमडी, प्रसार भारती के सीईओ और गोवा के डेवलपमेंट कमिश्नर भी रह चुके हैं।
बस्सी ऐसे शख्स हैं जिनका अपने कार्यकाल के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल से मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं। केजरीवाल उन पर केंद्र के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते रहे हैं।
वहीं किरण बेदी अन्ना आंदोलन में केजरीवाल के साथ रही हैं। विधानसभा चुनाव में BJP ने बेदी को दिल्ली का सीएम कैंडिडेट घोषित कर दिया और उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ी, हार का सामना करना पड़ा। वह कृष्णानगर से खुद चुनाव हार गईं और सक्रिय राजनीति से अलग हो गईं। इसके बाद केंद्र ने उनको पुडुचेरी का उप राज्यपाल बना दिया।
BJP नेता जगदीश मुखी दिल्ली के पूर्व वित्त मंत्री रह चुके हैं। उनको देश के बेहतरीन योजना मंत्री का सम्मान मिल चुका है। दिल्ली विधानसभा में दो बार उनको बेस्ट एमएलए का खिताब मिल चुका है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal