लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की नीतियों और समावेशी विचारधारा में आस्था जताते हुए, अलीगढ़ से राष्ट्रीय लोकदल पार्टी के पूर्व प्रत्याशी ओम पाल सिंह ने आज अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पूर्व मंत्री अजय राय ने उनकी अगुवाई में सदस्यों का स्वागत किया।
इस दौरान अध्यक्ष अजय राय ने समारोह में ओम पाल सिंह और उनके समर्थकों को कांग्रेस तिरंगा पट्टिका पहनाकर और सदस्यता कार्ड सौंपकर उन्हें पार्टी में विधिवत शामिल किया। इस मौके पर यूपी कांग्रेस के ज्वाईनिंग प्रभारी नितिन शर्मा, महिला कांग्रेस की महासचिव डॉ. रिचा शर्मा, और मेहताब जायसी भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: बीजेपी ने प्रदेश चुनाव अधिकारियों की कर दी घोषणा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “जननायक राहुल गांधी ने जिस प्रकार से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया है, उसने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की सोच में बदलाव लाया है। लोग अब कांग्रेस में शामिल होकर इस लड़ाई का हिस्सा बन रहे हैं, जिससे हमारा संगठन और मजबूत हो रहा है।”
यूपी कांग्रेस के ज्वाईनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने बताया कि वर्तमान में जनता, सामाजिक कार्यकर्ता, और यहां तक कि भाजपा के नेता भी अपनी पार्टी की नीतियों से असंतुष्ट हैं। ऐसे में वे राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे संविधान की रक्षा के अभियान का हिस्सा बनने के लिए कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
ओम पाल सिंह के साथ सदस्यता ग्रहण करने वालों में पूर्व प्रधान विजय पाल, मास्टर विनय पाल, योगेश शर्मा, और मास्टर हरिपाल सिंह जैसे प्रमुख सदस्य भी शामिल थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal