नई दिल्ली। अधिक धन कमाने की चाहत ने दिल्ली के एक स्थानीय क्रिकेटर को तस्करी तक करने के लिए मजबूर कर दिया।
पुलिस ने सुमीत को उसके साथी पब्बर गिरी उर्फ विजय के साथ गांजे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। सुमीत की कार से करीब 81 किलो गांजा मिला।
सूचना के अनुसार, सुमीत इलाके का बेहतरीन क्रिकेटर रहा है। अपने क्षेत्र के कई इनामी टूर्नामेंटों में अच्छा प्रदर्शन कर चुका है। टूर्नामेंट में खेलने के लिए उसे आयोजकों से धनराशि भी मिलती थी।
क्रिकेट टूर्नामेंट्स से मिली प्राइज मनी से उसने आई-20 कार खरीदी थी। किस्त चुकाने में उसे आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा था। इसी दौरान वह अपराध की दुनिया के दलदल में धंसता गया। जानकारी मुताबिक, पब्बर ने उसे मादक पदार्थों की तस्करी का प्रस्ताव दिया। बहकावे में आकर सुमीत ने तस्करी का काम शुरू कर दिया। वह दिल्ली के आसपास ड्रग सप्लाई करने लगा।
भारी मात्रा में गांजा सप्लाई करने के लिए दो लोग द्वारका मोड़ आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक आई-20 कार को रोका जिसमें दो लोग बैठे थे। कार की तलाशी में पॉलीथीन में भरा गांजा मिला। जिसे जब्त कर लिया गया। कार में सवार सुमीत और पब्बर को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुमीत कम कीमत में गांजा खरीदकर उसे ज्यादा कीमत पर बेचता था।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal