नई दिल्ली। नजफगढ़ थाना इलाके में मंगलवार रात मर्सेडीज कार में किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। FIR के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाला उसका बॉयफ्रेंड शुभम बताया जा रहा है।
शुभम के दोस्त की पिस्टल से किशोरी को गोली मारी गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
किशोरी अपने परिजनों के साथ दीपक विहार, नजफगढ़ में रहती थी। मंगलवार दोपहर अपने बॉयफ्रेंड शुभम व उसके दोस्त योगेश के साथ राजौरी गार्डन में लंच के लिए गई थी। योगेश मर्सेडीज लेकर आया था। कार में सवार होकर तीनों राजौरी गार्डन गए। शाम लगभग 7:30 बजे किशोरी की मां ने उसे फोन कर जल्दी घर आने के लिए कहा। थोड़ी देर बाद किशोरी घर के नजदीक पहुंच गई।
योगेश कार से नीचे उतरकर पेशाब करने के लिए चला गया। कार में शुभम व किशोरी बैठे थे। योगेश की लाइसेंसी पिस्टल कार में रखी थी। उधर किशोरी की मां भी कार के नजदीक आ गई। जैसे ही वह कार के नजदीक आई, उसने गोली की आवाज सुनी। दूसरी ओर से शुभम कार से उतर कर भाग निकला। किशोरी खून से लथपथ थी। उसे तुरंत नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। कार व पिस्टल को जब्त कर लिया गया है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal