ठाणे के कलवा स्थित राजीव गांधी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्राओं के यौन उत्पीड़न के दोषी पाए गए प्रोफेसर डॉ. शैलेश्वर नटराजन (63) को कोर्ट ने तीन साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है। मजिस्ट्रेट मोहिनी नानावरे ने नटराजन पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया।
यह मामला 2014 में सामने आया था, जब सर्जरी विभाग के प्रमुख रहे नटराजन के खिलाफ कई छात्राओं ने पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत भेजी थी।
छात्राओं ने आरोप लगाया था कि निदान प्रक्रियाओं का प्रदर्शन करने के बहाने नटराजन ने उन्हें अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की। इसके बाद कलवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ।
इस घटना के विरोध में छात्रों ने कॉलेज में प्रदर्शन भी किया था, जिससे मामला और गंभीर हो गया। अब, कोर्ट ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।
मुंबई नाव हादसे में लापता बच्चे का शव बरामद, मृतकों की संख्या 15
मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा जा रही नीलकमल नाव और नौसेना की स्पीडबोट के बीच टक्कर के बाद लापता सात वर्षीय बच्चे का शव तीन दिन की तलाश के बाद बरामद कर लिया गया है। शनिवार सुबह नौसेना की पोतों ने जोहान मोहम्मद निसार अहमद पठान का शव समुद्र से बाहर निकाला।
इस दुखद घटना में मृतकों की संख्या अब 15 हो चुकी है। यह दुर्घटना बुधवार शाम को हुई थी और इसे मुंबई बंदरगाह क्षेत्र की सबसे घातक घटनाओं में से एक माना जा रहा है। हादसे के बाद से प्रशासन और नौसेना की टीमें लगातार तलाशी अभियान में जुटी थीं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal