संभल में 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुए बवाल के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मंगलवार को पुलिस ने 50 और उपद्रवियों के चेहरे पहचान लिए हैं, जिनमें से कई के नाम भी सामने आए हैं।
अब तक 450 उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा के नाम पुलिस के पास आ चुके हैं।
गिरफ्तारी अभियान तेज
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पुलिस की टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिन-रात जुटी हुई है। अब तक 41 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एसपी ने बताया कि जामा मस्जिद के सर्वे के बाद नखासा तिराहे और हिंदूपुरा खेड़ा इलाके में उपद्रवियों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया था। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं।
वीडियो और फोटो से हो रही पहचान
पुलिस ने उपद्रव वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, वीडियो और फोटो का इस्तेमाल कर उपद्रवियों के चेहरे निकाले हैं। इनमें कई नकाबपोश पत्थरबाज भी शामिल हैं।
नकाबपोशों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहा है, लेकिन सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साधनों के जरिए उनकी पहचान की जा रही है।
नकाबपोश पत्थरबाज सबसे बड़ी चुनौती
एसपी ने बताया कि बवाल में सबसे ज्यादा हिंसा फैलाने वाले नकाबपोश उपद्रवी थे। हालांकि, पुलिस ने इनमें से कई को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अन्य की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान जारी है।
संभल पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal