संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र ने उस कैंपेन को वापस ले लिया है, जिसमें कार्टून कैरेक्टर वंडर वुमन को महिलाओं और लड़कियों के लिए एम्बेसडर बनाया गया था। वंडर वुमन डीसी कॉमिक्स की एक हिरोइन है जो लोगों की बदमाशों और मुसीबतों से रक्षा करती है। इस कैंपेन का लोगों ने खूब विरोध किया है।
दो महीने पहले अक्तूबर में संयुक्त राष्ट्र ने यह कैंपेन शुरू किया था। अब करीब 45000 लोगों ने पटीशन साइन कर संयुक्त राष्ट्र से इसे वापस लेने की अपील की है।
संयुक्त राष्ट्र ने कैंपेन शुरू करते हुए कहा था यह हर जगह की महिलाओं और लड़कियों के लिए है जो खुद में वंडर वुमन हैं और उन पुरुषों के लिए भी जो लिंग समानता में अपने संघर्ष का समर्थन करते हैं। पिटीशन में कहा गया है कि बड़े ब्रेस्ट साइज, अमेरिकी झंडे के कपड़े और घुटनों तक के जूते पहनी श्वेत महिला संयुक्त राष्ट्र की लिंग समानता के लिए उपयुक्त स्पोक्सवुमन नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता जैफ्री ब्रेज ने कहा कि कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक लोगों के विरोध के कारण कैंपेन जल्दी खत्म हो गया। इससे पहले जो एम्बेसडर बनाए गए हैं उनका पीरियड और भी छोटा था। ब्रेज ने कहा कि कुछ लोगों ने चिंता जताई है कि एक वंडर वुमन जैसे काल्पनिक किरदार को महिलाओं और लड़कियों का प्रतिनिधि बनाना तर्कसंगत नहीं है। प्रवक्ता ने कहा कि 193 सदस्यों की संस्था में वंडर वुमन का रोल शुक्रवार को खत्म हो जाएगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal