लखनऊ, 28 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने एक और बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर यूपी सरकार ने प्रदेश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को 24 घंटे के भीतर देश से बाहर भेज दिया है। मुख्यमंत्री योगी खुद पल-पल इस कार्रवाई की मॉनीटरिंग कर रहे थे।
सीएम योगी ने एक उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को पाक नागरिकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी सख्ती और सतत निगरानी के चलते उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना, जहां शत-प्रतिशत पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी सुनिश्चित कर दी गई। वर्तमान में प्रदेश में केवल एक पाकिस्तानी नागरिक बचा है, जिसे 30 अप्रैल को उसके देश वापस भेजा जाएगा। पुलिस विभाग और खुफिया एजेंसियां उसकी लगातार निगरानी कर रही हैं।
Read it also : पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच पहलगाम मुद्दे पर 40 मिनट की अहम बैठक
75 जिलों में चला विशेष अभियान
डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे प्रदेश के 75 जिलों में अभियान चलाया गया। जिलों के प्रशासन और पुलिस दल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पाक नागरिकों की वापसी सुनिश्चित की। प्रत्येक पाकिस्तानी नागरिक के साथ स्थानीय पुलिस दल भी भेजा गया, ताकि वापसी की पुष्टि हो सके।
उत्तर प्रदेश बना देश का पहला राज्य
सीएम योगी के कड़े निर्देशों और मॉनीटरिंग के चलते यूपी देश का पहला ऐसा राज्य बना, जिसने पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल वापस भेजने की कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा किया। सरकार का साफ संदेश है कि प्रदेश की सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।