मुंबई। मुंबई के सांताक्रूज में एक बुजुर्ग आरटीआई कार्यकर्ता की नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि 72 वर्षीय भूपेंद्र वीरा भू-माफिया, कलीना के आसपास अवैध निर्माण और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे। शनिवार रात उन पर हमला किया गया।
वीरा के साथ काम कर चुकी सामाजिक कार्यकर्ता और ‘आप’ की पूर्व नेता अंजलि दमानिया ने आरोप लगाया कि भू-माफिया के खिलाफ लड़़ने के लिए उन्हें निशाना बनाया गया। उन्होंने हत्यारे की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
वकोला थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा, हमलावर शनिवार रात नौ बजे वीरा के घर में घुसे, उनकी कनपटी पर बंदूक रखी और गोली चला दी। कार्यकर्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि हत्या की मंशा फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal