लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने गैर भाजपा दलों के प्रस्तावित भारत बंद को कालाधन और भ्रष्टाचार के समर्थको का आयोजन बताया है। पार्टी प्रवक्ता हृदय नारायण दीक्षित ने रविवार को यहां मुख्यालय पर सम्वाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि विमुद्रीकरण से होने वाले फायदे को लेकर राज्य की जनता सजग है।
वह कांग्रेस, सपा या बसपा के बरगलाने में नहीं आ रही है। आम जनता विमुद्रीकरण के विरोधी दलों का चरित्र जानती हैं। जनता कालेधन के खात्मे के प्रधानमंत्री के संकल्प के साथ हैं। प्रदेश में भारत बंद पर कोई समर्थक नहीं है। जनता भारत बन्द के खिलाफ है। लाखों लोगो ने प्रधानमंत्री की सभा में हाथ उठाकर प्रस्तावित भारत बन्द का विरोध किया है।
श्री दीक्षित ने एक प्रश्न के उत्तर मे कहा कि बेशक नोटबंदी के प्रथम सप्ताह में आमजनता को कुछ असुविधाएं हुई लेकिन अब बैंको के सामने कतारें घटी हैं। अगले सप्ताह सारी आर्थिक गतिविधि समान्य हो जायेगी। राज्य की जनता ने असुविधाओं के बावजूद इस फैसले का स्वागत किया है। निर्णय क्रियान्वयन से प्राप्त राजस्व से रोजगार मे बढोत्तरी होगी,राष्ट्रीय विकास भी होगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal