लखनऊ। दीपों के पर्व दीपावली के मद्देनजर स्वास्थ्य महकमे ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। दीपावली पर किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में अस्पतालों को तैयार रहने को कहा गया है। सरकारी अस्पतालों की इमर्जेन्सी में आवश्यक दवाओं की आपूर्ति कर दी गई है।
राजधानी लखनऊ के जिला चिकित्सालय बलरामपुर के चिकित्सा अधीक्षक डा. बी.के. चैहान ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि इमर्जेन्सी में अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगा दी गई है। इसके अलावा दीपावली के दिन सभी चिकित्सकों को ऑन काल रहने को कहा गया है।
वहीं गोमती नगर स्थित डा. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. ओमकार यादव ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त कर ली गई हैं। इसके अलावा अस्पताल में बेड भी आरक्षित कर दिए गए है।
सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि इस बार नेत्र वार्ड में 25 बेड अलग से आरक्षित किए गए हैं। जिससे जलने के मरीजों को उपचार हो सके। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक सर्जन, नेत्र सर्जन, आर्थोपेडिक सर्जन की 24 घण्टे ऑन कॉल ड्यूटी दीपावली के मद्देनजर लगाई गई है।
दीपावली पर बर्न के मरीजों की आशंका को देखते हुए केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में बने डिजास्टर मैनेजमेंट वार्ड में 20 बेड हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने पर बेड बढ़ाने के इंतजाम हैं। संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक और प्लास्टिक सर्जन डॉ. विजय कुमार ने बताया कि जरूरत पड़ने पर बेड बढ़ाए जा सकते हैं। एसजीपीजीआई में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि ऐसे मरीज के आने पर तुरंत उपचार होगा।
आतिशबाजी के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। केजीएमयू में 0522-2257450,2257451, 2257452, बलरामपुर अस्पताल में 0522-2624040, सिविल अस्पताल में 0522-2239595, लोहिया अस्पताल में 0522-2720399, 369456, एम्बुलेंस के लिए 102, 108 और सीएमओ कंट्रोल रूम के लिए 0522-2622080 नंबर हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal