रूस की राजधानी मास्को में रेड स्क्वायर के फुटपाथ पर शनिवार को लोगों की भीड़ पर टैक्सी चढ़ गई। इस घटना में आठ लोग जख्मी हुए हैं। फीफा वर्ल्ड कप की वजह से इस समय मास्को में बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रशंसक पहुंचे हुए हैं। रविवार को मास्को में मैक्सिको और जर्मनी के बीच मैच है।
मास्को यातायात प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि टैक्सी ड्राइवर चिंगिज अनारबेक ऊलू (28) को हिरासत में ले लिया गया है। उसके पास पूर्व सोवियत मुस्लिम गणराज्य किर्गिस्तान का लाइसेंस है। अधिकारियों ने ड्राइवर के हवाले से बताया कि उसने जानबूझकर लोगों पर टैक्सी नहीं चढ़ाई, उसने टैक्सी पर से नियंत्रण खो दिया था।
समाचार एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि घटना के समय ड्राइवर शराब के नशे में था। सिटी पुलिस ने उसके खिलाफ यातायात कानून के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया है। समाचार एजेंसी ‘तास’ ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो मैक्सिको, दो रूस और एक उक्रेन का नागरिक शामिल है। सात घायलों की हालत तो संतोषजनक बताई जा रही है, लेकिन एक महिला की हालत गंभीर है।
इस बीच, शुक्रवार को अमेरिकी विदेश विभाग ने रूस जाने वालों के लिए यात्रा मशविरा जारी किया है, इसमें कहा गया है कि आतंकी संगठन वहां हमलों की योजना बना रहे हैं।