नई दिल्ली: राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता और प्रो कुश्ती लीग के दूसरे सत्र में हिस्सा ले रहीं इंग्लैंड की महिला पहलवान याना रैटिगन की स्वादिष्ट कढ़ाई-पनीर ने मौजूद लोगों के मुंह में पानी ला दिया। कुश्ती में कई सुरमाओं को पटकनी देने वाली यह बिटिश रेसलर इंगलैंड के होटल में प्रोफेशनल शेफ भी है।
चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम में के दौरान उनका यह हुनर लोगों के सामने आया। उन्होंने बताया कि वह ऑर्गेनिक खाना बनाती हैं। होटल में इंडियन खाना खूब पसंद किया जाता है। वहां काफी संख्या में भारतीय आते हैं और वह जानती हैं कि भारतीय खाने में क्या पसंद करते हैं।
उन्होंने बताया कि वह सुबह चार बजे उठती हैं और कुश्ती के अभ्यास में जुट जाती हैं। सुबह साढ़े सात बजे वह अपने होटल के लिए रवाना होती हैं। वहां तकरीबन डेढ़ घंटे की यात्रा के बाद वह अपने शैफ के काम में जुट जाती हैं। याना को पिछले दिनों हैड शैफ बनने का मौका भी मिला था लेकिन कुश्ती के लिए उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
याना ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट के हाथों हुई हार को कभी नहीं भूलतीं। यूरोपीय चैंम्पियनशिप में इंग्लैंड को कुश्ती का पहला पदक दिलाने वाली याना ने कहा कि विनेश कभी हार नहीं मानती। उनमें काफी संभावनाएं छिपी हैं। वह भारत में कुश्ती को प्रमोट करने के लिए एक आदर्श चेहरा साबित हो सकती हैं। याना ने तीन दिन के भारत प्रवास के दौरान भारतीय व्यंजनो के अलावा मेंहदी लगाई, रैम्प वॉक किया और शॉपिंग का भरपूर लुत्फ उठाया। उन्हें भारतीय गोटे वाली चुन्नी बेहद पसंद है। चंडीगढ़ की साफ सफाई की वह काफी मुरीद हैं। चंडीगढ़ से लौटने के बाद उन्होंने दिल्ली में खूब शॉपिंग की।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal