मुंबई। मुंबई महानगर में छठ पर्व को लेकर जोरदार तैयारियां शुरु हो गई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने छठव्रतियों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध करवाए जाने की सूचना अधिकारियों को दी है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जुहू में छठ पर्व के कार्यक्रम में खुद उपस्थित रहने वाले हैं। यह जानकारी गुरुवार को मुख्यमंत्री ने भाजपा उत्तर भारतीय नेताओं के प्रतिनिधि मंडल को दी।
मुंबई में छठव्रतियों को हर तरह की सुविधा दिलाने के लिए गुरुवार को भाजपा नेताओं का प्रतिनिधि मंडल मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला था।
इस अवसर पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने छठव्रतियों को मुंबई महानगर में 12 जगह समुद्र व तालाब के किनारे हर तरह की सुविधा दिए जाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल की मांग को स्वीकार करते हुए हर जगह सुविधा उपलब्ध कराए जाने का आदेश जारी किया है। मुंबई के अलावा अन्य महानगरपालिका के आयुक्तों को भी छठ पूजा के दरम्यान हर तरह की सुविधा छठव्रतियों को दिए जाने का आदेश मुख्यमंत्री कार्यालय से दिया गया है।
इस बीच मिली जानकारी के अनुसार छठव्रतियों ने अपने स्तर पर छठ पूजा की तैयारी शुरु कर दी है। उधर, छठ पूजा के आयोजक भी अपने स्तर पर पूजास्थल की साफ सफाई के काम भी जुटे हुए हैं। छठ पूजा के लिए लगने वाले सामानों की खरीददारी भी शुरू हो गई है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal