नई दिल्ली।मोहाली में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच में भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने रिकार्डों की झड़ी लगा दी। इस मैच में धोनी 9000 रन पूरा करने के साथ ही सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा धोनी ने 150 स्टंपिग करने का नया विश्व रिकार्ड भी बनाया।
रविवार को मोहाली में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ अपने 281वें वनडे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 196वां छक्का मारकर वनडे में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय क्रिकेटर बन गए। धोनी ने यह कीर्तिमान बनाते हुए पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 463 मैच में 195 छक्के जड़े थे।
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बल्लेबाज शाहिद अफरीदी के नाम हैं उन्होंने 351 छक्के लगाए हैं। दूसरे नंबर पर नाम आता है श्रीलंका के धाकड़ ओपनर बल्लेबाज सनथ जयसूर्या का। उन्होंने 270 छक्के लगाए हैं। तीसरे नंबर पर 238 छक्कों के साथ क्रिस गेल हैं।
धोनी ने लेग स्पिनर अमित मिश्रा की गेंदों पर रॉस टेलर और ल्यूक रोंची को स्टंप कर 150 स्टंपिग करने का नया विश्व रिकार्ड भी बनाया। धोनी के टेस्ट,वनडे और ट्वेंटी -20 तीनों फार्मेट में अब 151 स्टंपिग हो गई हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal