नई दिल्ली।भाजपा नेता और राज्य सभा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी गुरुवार को टाटा एंड संस के चेयरमैन रतन टाटा पर जमकर बरसे। उन्होंने रतन टाटा को टाटा ग्रुप के इतिहास का सबसे भ्रष्ट चेयरमैन करार दिया है।
रतन टाटा के अभिभावकत्व की आलोचना करते हुए स्वामी ने कहा कि रतन टाटा वास्तविकता में टाटा परिवार के वंशज नहीं हैं। उन्होंने कहा कि रतन टाटा के पिता टाटा परिवार द्वारा गोद लिए गए थे।
साइरस मिस्त्री और टाटा विवाद को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि रतन टाटा ने मिस्त्री के साथ अन्याय किया है। स्वामी ने कहा कि दो महीने पहले ही पूरे टाटा ग्रुप ने साइरस मिस्त्री के कार्यों और उनके प्रयासों की सराहना की थी। इससे रतन टाटा को जलन होने लगी थी और आखिरकार मिस्त्री को हटा दिया गया।
रायपुर में मीडिया से बात करते हुए स्वामी ने कहा कि रतन टाटा कई बड़े घोटालों में शामिल हैं। स्वामी ने आरोप लगाते हुए कहा कि 2 जी घोटाला, एयर एशिया घोटाला, जगुआर डील और विस्तारा पार्टनरशिप घोटाले में रतन टाटा संलिप्त हैं।
रतन टाटा को चेतावनी देते हुए स्वामी ने कहा कि रतन टाटा ने टाटा एंड सन्स का अंतरिम चेयरमैन की जिम्मेदारी इसीलिए संभाली है ताकि वो इन घोटालों से अपने को बचाने की कोशिश कर सकें। स्वामी ने कहा कि अगर मामला कोर्ट में पहुंचा तो वो बच नहीं सकते।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal