रांची के तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए लक्ष्मण गिलुआ को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई है। उन्हें झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। गिलुआ के नाम पर दिल्ली में भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मुहर लगी है। इसकी औपचारिक घोषणा बुधवार को हुई। छोटानागपुर टेनेंसी एक्ट और संताल परगना टेनेंसी एक्ट में संशोधन अध्यादेश की वजह गरमा गई झारखंड की राजनीति के बदले समीकरणों को देखते हुए झारखंड भाजपा का नया प्रदेश बनाया गया है।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास और लक्ष्मण गिलुआ दोनों कोल्हान के नेता हैं। श्री गिलुआ पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के भी विश्वासपात्र माने जाते हैं। इसके अलावा इन्हें संगठन चलाने का भी अनुभव है। करीब डेढ़ दशक से वह पार्टी के विभिन्न पदों पर भी रहे हैं। इसके अलावा एकीकृत बिहार और झारखंड विधानसभा के भी वे सदस्य रहे हैं। फिलहाल सांसद के रूप में यह उनकी दूसरी पारी है। विवादित प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी के इस्तीफे के बाद उनकी जगह कई नामों पर चर्चा के बाद भाजपा के हाईकमान ने फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने श्री गिलुआ के अध्यक्ष बनने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। श्री दास ने कहा है कि लक्ष्मण गिलुआ के नेतृत्व में पार्टी बुलंदी को छुएगी। लक्ष्मण गिलुआ चाईबासा से सांसद हैं और उन्होंने सरायकेला के काशी साहू कॉलेज से आइकॉम पास किया है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal