झांसी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भले ही किसानों के हित की बातें करते हों लेकिन उनके शासनकाल में किसान त्रस्त है और पीएम मोदी मस्त हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार देश या प्रदेश में आती है तो दस दिन के अन्दर प्रत्येक किसान का कर्जा माफ कर दिया जाएगा। राहुल गांधी मऊरानीपुर विधानसभा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा पूंजीपतियों के कर्ज माफ करने वाली सरकार क्या गरीबों का कर्ज माफ नहीं कर सकती। किसान का कर्जा माफ हो, बिजली का बिल हाफ हो और किसानों के समर्थन मूल्य का हिसाब हो। इन तीन मांगों के साथ देवरिया से दिल्ली के निकली किसान यात्रा में राहुल गांधी खासे आक्रामक नजर आए। उन्होंने जनता से सीधा संवाद करते हुए प्रश्न किए और उनके उत्तर जनता से मांगे। उन्होंने कहा कि आपके प्रधानमंत्री मोदी ने वादा किया था कि 2 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। यहां खड़े युवाओं में से कोई भी यह बताए कि किसी को रोजगार मिला क्या? दूसरा प्रश्न दागते हुए उन्होने कहा कि 15 लाख रुपए प्रत्येक भारतीय के खाते में आने का सपना भी दिखाया था, 15 हजार भी आए क्या? उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मोदी जी अमीरों का कर्जा माफ करते हैं तो निश्चित ही उन्हें किसानों का कर्जा माफ करना चाहिए। इसके लिए वह किसानों को मांगपत्र देकर उस पर अपनी मांगे अंकित कराकर लाखों की संख्या में पत्रों के माध्यम से प्रधानमंत्री पर कर्ज माफी का दबाव बनाएगे। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी कांग्रेस किसानो का कर्ज माफ कर चुकी है। आप सरकार लाइए। हम 10 दिनों के अन्दर किसानों का कर्ज माफ करेंगे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal