लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन होने के बाद अमेठी व रायबरेली की सीटों को लेकर मतभेद आने की खबर है।
यहां पर रायबरेली और अमेठी मिलाकर 10 विधानसभा सीटें हैं। जिसमें सात सपा के पास हैं, दो कांग्रेस और एक पीस पार्टी के पास है। पर, कांग्रेस यहां की अधिकांश सीटें चाहती हैं।
सबसे ज्यादा मतभेद अमेठी सीट को लेकर है। अमेठी सीट से कांग्रेस के प्रचार कमेटी के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद की पत्नी रानी अमीता सिंह चुनाव में उतरने की पूरी तैयारी में हैं। अमेठी राजघराना इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। इसके लिए रानी अमीता सिंह ने प्रियंका गांधी से भी संपर्क साधा है। यहां से सपा के गायत्री प्रसाद प्रजापति विधायक हैं और सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। सपा ने उनको उम्मीदवार भी घोषित कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने अमीता सिंह को फोन कर तैयारी करने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं राहुल के करीबी एमएलसी दीपक सिंह ने भी कहा है कि कांग्रेसी कार्यकर्ता अमेठी और रायबरेली की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करें। वहीं कांग्रेस के प्रवक्ता वीरेन्द्र मदान ने इस बारे में कुछ कहने से इन्कार किया है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal