लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी ने सपा, बसपा और भाजपा पर आरोप लगाया है कि ये दल प्रदेश के विकास में बाधक हैं।
चौधरी ने यह आरोप गुरूवार को रायबरेली की बछरावा विधानसभा में रालोद प्रत्याशी रामलाल अकेला तथा इलाहाबाद की बारा विधानसभा में रालोद प्रत्याशी सुलोचना के समर्थन में आयोजित जनसभाओं के संबोधन में लगाए।
चौधरी बसपा, सपा और केन्द्र की भाजपा सरकार पर जमकर बरसे और कहा कि तीनों ही पार्टियां उप्र के विकास में बाधा बनी हुयी है। पूर्ववर्ती बसपा सरकार और वर्तमान प्रदेश की सपा सरकार ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए प्रदेश की जनता को सिर्फ छलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि सपा और बसपा सरकारों द्वारा पहले ही जारी घोषणा पत्रों में किये गये वादों को पूरा नहीं किया गया है और पुनः 2017 के विधान सभा में फिर झूठा घोषणा पत्र जारी करके चुनाव मैदान में आकर भोली भाली जनता को बहकाने का काम कर रही है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुये कहा कि भाजपा के नेता सिर्फ प्रदेश में साम्प्रदायिकता का जहर घोलने का काम कर रहे हैं। लेकिन अब आप लोगों को इन दलों के बहकावे में नहीं आना है और राष्ट्रीय लोकदल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उप्र को विकास के रास्ते पर लाना होगा।
उन्होंने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव राष्ट्रीय लोकदल से भयभीत हैं। उन्हें यह भय सता रहा है कि प्रदेश की जनता उनको और उनकी पार्टी का प्रदेश से सफाया कर देगी।
उन्होंने जनसभाओं में राष्ट्रीय लोकदल के घोषणा पत्र को बताते हुये कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार, किसानों को कार्जामाफी, स्मार्ट मंडी स्थापित की जायेगी। किसानों के हित में भूमि पट्टा कानून (लैंड लीसिंग लॉ) बनाया जायेगा।
प्रदेश को साम्प्रदायिक दंगों से मुक्त कराने के लिए साम्प्रदायिक हिंसा निरोधक कानून लाया जायेगा। सरकारी नौकरियों की भर्ती में निष्पक्षता लायी जाएगी। चुनावी सभाओं को रालोद प्रदेश अध्यक्ष डा. मसूद अहमद, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल दुबे, भी ने सम्बोधित किया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal