महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के गोंदिया के एक होटल में बुधवार को आग लग गयी थी। इस दुर्घटना में 2 महिलाओं सहित कम से कम 7लोगों की मौत हो गई।
यह घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की है। होटल बिंदल के परिसर में स्थित एक दुकान में आग लगी थी। शहर के व्यस्त गोरेलाल चौक में होटल है।
होटल की दुकान में लगी आग पूरी इमारत में फैल गई। गढ़चिरौली क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि आग में 7 लोगों की मौत हो गई।
आग पर काबू पाने में मदद के लिए पड़ोसी बालाघाट, भंडारा, तुमसर, लांजी और तिरोरा में अदानी बिजली संयंत्र से भी दमकल गाड़ियों को भेजा गया। हादसे के वक्त होटल में करीब 15 मेहमान ठहरे थे। पुलिस ने बताया कि आग लगने के बाद होटल की दूसरी मंजिल से कूदने के कारण एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। बहरहाल, उपचार के लिए नागपुर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
उन्होंने जानकारी दी कि 2 शव इतनी बुरी तरह झुलस गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल है। जबकि 4 अन्य होटल के अपने कमरे में मृत पाए गए। सूचना मिलने पर जिला कलेक्टर अभिमन्यु काले, पुलिस अधीक्षक दिलीप पाटिल भुजबल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान करना अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि इनमें से 2 लोग एक विवाह कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal